शनिवार, 1 सितंबर 2018
कीकरवाली में पुलिस की नशा मुक्ति कार्यशाला:
श्रीगंगानगर, 31 अगस्त 2018.
जिला पुलिस अधीक्षक श्री योगेश यादव के निर्देशानुसार पुलिस प्रषासन द्वारा स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के सहयोग से जिला स्तर पर अनवरत रूप से चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान के अन्तर्गत शुक्रवार को राजकीय आदर्श उच्च माध्यमिक विघालय कीकरवाली में नशा मुक्ति जन जागृति कार्यशाला का आयोजन पुलिस थाना मुकलावा व समर संस्था के सहयोग से किया गया।
कार्यक्रम में नशा मुक्ति विषेशज्ञ डा0 रविकान्त गोयल ने मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित विधार्थियों, अभिभावकों व ग्रामीणों को सम्बोधित करते हुए कहा कि नशा नाश का ही दूसरा नाम है, दुनिया में नशा करने वाले लोगों की संख्या दिनप्रतिदिन चिन्तनीय रूप से बढती ही जा रही है। कुछ लोग दर्दनिवारक गोलियां व नींद में सहायक गोलियों का दुरूपयोग नशे के रूप में करते हैं। मेडीकली नशे का प्रयोग मनुष्य जीवन के लिए अत्यन्त घातक है। इनसे न केवल व्यक्ति में मानसिक विकार यथा पागलपन, दौरे पडना इसके साथ-साथ गुर्दे, लीवर व शरीर के अन्य अंगो का कार्य करना बंद हो जाता है, अपितु इन नशे की वजह से अकाल मृत्यु व आत्महत्या की प्रवृत्ति बढती है। डा0 गोयल ने नशे से बचने, बचाने, नशा छोडने व छुडवाने के उपायों की जानकारी देते हुए उपस्थित जन समूह को जीवन भर नशा न करने की शपथ दिलवाई।
इस अवसर पर पीएलवी इन्द्रमोहन सिंह जुनेजा ने छात्रा-छात्राओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि मानव जीवन अनमोल है जिसे नशे की भेंट नही चढाना चाहिए। नशा व्यक्ति से उसका स्वास्थ्य, प्रतिष्ठा, सम्पन्नता छीन लेता है तथा बदले में बीमारियां, कंगाली व लाचारी देता है जिससे व्यक्ति अपाहिज होकर समाज पर बोझ बन जाता है, इसलिए नशे से दूर रहना ही उत्तम है। सामाजिक कार्यकर्ता बनवारी लाल शर्मा ने अपने सम्बोधन में कहा कि आज की बढती भौतिकवादिता में इन्सान आगे बढने के लिए नशे का सहारा लेते हैं जो न केवल व्यक्ति के स्वयं के लिए हानिकारक है बल्कि इसका नुकसान पूरे समाज को उठाना पडता है।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त अति0 जिला शिक्षा अधिकारी शिवशंकर बिश्नोई ने नशे को जड से मिटाने के लिए विधार्थी वर्ग को आगे आने के लिए प्रेरित किया जिससे भविष्य नशा मुक्त हो सके। कार्यक्रम को विनोद पाण्डे सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य ने भी सम्बोधित किया। कार्यक्रम में ग्राम सरपंच कीकरवाली लालचन्द पंवार,पंच गोपाल राम,एस एम सी अध्यक्ष हनुमान छीपा, कानि0 सुनील कुमार,रणधीर सांई, कर्म सिंह,जसकरण सिंह आदि ग्रामीणों ने भाग लिया। कार्यक्रम में सीयाराम उच्च माध्यमिक विघालय कीकरवाली के विघार्थियों ने भी भाग लिया। डा0 गोयल ने नशे के आदी रोगियों की मौके पर ही जांच कर परामर्श प्रदान किया। कार्यक्रम का मंच संचालन लक्ष्मणराम बिश्नोई तथा कार्यक्रम को सफल बनाने में भंवर सिंह सिसौदिया ने सहयोग प्रदान किया।
----------
शुक्रवार, 31 अगस्त 2018
रेल यात्रा में 53 प्रकार के यात्रियों को किराए में छूट: महत्वपूर्ण जानकारी:
* करणीदानसिंह राजपूत *
- रोगियों सहित अनेक प्रकार की रियायतें-
- विभिन्न श्रेणियों में 25 प्रतिशत से 100 प्रतिशत तक की रियायतें-
भारतीय रेलवे में वर्तमान समय में टिकट की कीमतों पर 53 विभिन्न श्रेणियों के अन्तर्गत छूट व रियायतें उपलब्ध करवाई जाती है। यह छूट व रियायतें विभिन्न श्रेणियों के अन्तर्गत 25 प्रतिशत से 100 प्रतिशत तक होती है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के जनसम्पर्क अधिकारी तरूण जैन ने बताया कि ऑफ लाइन अथवा रिजर्वेशन ऑफिस (विन्डो) से टिकट करवाने पर दिव्यांग जनों,मरीजों, वरिष्ठ नागरिकों, पुरस्कार विजेता (अवार्ड), शहीदों की विधवाओं, छात्रों, युवाओं, किसानों, कलाकारों व खिलाड़ियों, मेडिकल प्रोफेशनल्स और अन्य लोगों को रियायतें उपलब्ध करवायी जाती हैं। ऑन लाइन माध्यम से टिकट बुक करायी जाती है तो इंडियन रेलवे कैटरिंग एवं टूरिज्म कारर्पोरेशन (आईआरसीटीसी) पर सिर्फ वरिष्ठ नागरिकों को ही छूट उपलब्ध करवायी जाती है।
दिव्यांगजनों हेतु रियायतः
दिव्यांगों (अस्थि विकलांगता) या पक्षाघात से पीड़ित दिव्यांगजनों जो कि किसी दूसरे की मदद के बिना नहीं चल सकते है, दृष्टि दिव्यांग एवं मानसिक रूप से दिव्यांगजनों को एक सहचर (एस्कार्ट) कर रहे व्यक्ति के साथ प्रथम एवं द्वितीय वातानुकूलित शयनयान में 50 प्रतिशत एवं अन्य सभी श्रेणियों में 75 प्रतिशत की छूट की जाती है, जबकि ऐसे यात्रियों को शताब्दी एवं राजधानी रेल सेवाओं की तृतीय वातानुकूलित श्रेणी में 25 प्रतिशत की छूट दी जाती है। मूक एवं बधिर व्यक्ति को जो या तो अकेले सफर कर रहा है या फिर किसी सहचर के साथ सफर कर रहा है तो उसे द्वितीय श्रेणी शयनयान और प्रथम श्रेणी में 50 प्रतिशत की छूट उपलब्ध करवायी जाती है।
बीमार व्यक्तियों हेतु रियायतें
अकेले अथवा किसी सहचर के साथ सफर कर रहे केन्सर मरीजों को जो कि उपचार अथवा चैकअप के लिए यात्रा कर रहे होते है तो उन्हें द्वितीय श्रेणी, प्रथम श्रेणी और वातानुकूलित चेयरकार में 75 प्रतिशत की छूट उपलब्ध करवायी जाती है, वही ऐसे यात्रियों को स्लीपर एवं तृतीय वातानुकूलित कोच में 100 प्रतिशत की छूट अर्थात् मुफ्त में टिकट उपलब्ध करवाया जाता है वहीं द्वितीय एवं प्रथम वातानुकूलित कोच में 50 प्रतिशत तक की रियायत उपलब्ध करायी जाती है। यह रियायत सहचर के लिए भी लागू होती है, केवल स्लीपर एवं तृतीय वातानुकूलित शयनयान में सहचर यात्रा को 75 प्रतिशत रियायत ही मिलती है। थैलिसीमिया, ह्नदय तथा किडनी (गुर्दा रोग) से सम्बन्धी बीमारी से जूझ रहे मरीजों जो कि सर्जरी के लिए अकेले या किसी सहचर के साथ यात्रा कर रहे हों, तो उन्हें द्वितीय श्रेणी, स्लीपर, प्रथम श्रेणी, तृतीय वातानुकूलित शयनयान एवं वातानुकूलित कुर्सीयान में 75 प्रतिशत की रियायत दी जाती है जबकि प्रथम एवं द्वितीय वातानुकूलित शयनयान में 50 प्रतिशत की रियायत दी जाती है। हीमोफीलिया से ग्रसित रोगी को द्वितीय श्रेणी, स्लीपर, प्रथम श्रेणी, तृतीय वातानुकूलित शयनयान एवं वातानुकूलित कुर्सीयान के किराये में 75 प्रतिशत की रियायत सहचर के साथ उपलब्ध है। टीबी एवं लूपास वल्गेरिस जैसी बीमारियों से ग्रसित रोगियों को इलाज अथवा आवधिक चैकअप पर जाने हेतु सहचर के साथ द्वितीय श्रेणी, स्लीपर, प्रथम श्रेणी में 75 प्रतिशत की रियायत उपलब्ध है। नान इन्फेक्टियस लेप्रोसि से ग्रसित रोगियों को इलाज अथवा आवधिक चैकअप कराने जाने के लिए द्वितीय श्रेणी, स्लीपर एवं प्रथम श्रेणी के किराये में सहचर के साथ किराये में 75 प्रतिशत की रियायत दी गई है। एड्स (एआईडीएस) से ग्रसित रोगियों को द्वितीय श्रेणी में नामित केन्द्रों पर इलाज/आवधिक चैकअप हेतु जाने के लिए द्वितीय श्रेणी में 50 प्रतिशत रियायत उपलब्ध करायी गई है। एपलास्टिक एनिमिया/सिकल सेल एनिमिया रोगों से ग्रसित रोगियों को इलाज/आवधिक चैकअप हेतु जाने के लिए स्लीपर, वातानुकूलित कुर्सीयान, वातानुकूलित द्वितीय एवं तृतीय श्रेणियों में यात्रा करने हेतु किराये में 50 प्रतिशत रियायत उपलब्ध है।
वरिष्ठ नागरिकों हेतु रियायतें
60 वर्ष के ऊपर आयु के समस्त पुरूषों को 40 प्रतिशत एवं 58 वर्ष से ऊपर आयु की महिलाओं को किराये में 50 प्रतिशत की छूट उपलब्ध करवाई जाती है यह छूट राजधानी शताब्दी एवं दूरन्तों जैसे रेल सेवाओं में भी दी जाती है।
पुस्कार विजेताओं को प्रदत्त रियायतें
अपनी सेवा के दौरान उत्कृठ सेवा के प्रदर्शन से राष्ट्रपति पुलिस मेडल प्राप्त पुरूष को 50 प्रतिशत एवं महिलाओं को 60 प्रतिशत राजधानी, शताब्दी एवं जन शताब्दी सहित समस्त श्रेणियों में रियायत प्रदान की गई है।
उद्योगों के अन्तर्गत नवाचार एवं उत्पादकता से सम्बद्ध प्रधानमंत्री श्रम पुरस्कार से नवाजित सभी को द्वितीय एवं शयनयान श्रेणियों के किराये में 75 प्रतिशत रियायत उपलब्ध है।
शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ठ सेवा देने पर राष्ट्रपति द्वारा प्रदत्त राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त शिक्षकों को द्वितीय एवं शयनयान श्रेणियों में 50 प्रतिशत रियायत उपलब्ध है।
राष्ट्रीय बहादुरी पुरस्कार प्राप्त बच्चों को उनके परिजनों के साथ द्वितीय एवं शयनयान श्रेणियों में 50 प्रतिशत रियायत उपलब्ध करायी गयी है।
युद्ध में हुए शहीद की विधवाओं, आईपीकेएफ सेवा में श्रीलंका में शहीद हुए जवानों की विधवाओं, संसद में सेवा के दौरान शहीद हुए पुलिस एवं सेना के सेवकों की विधवाओं को, सेना के ऐसे जवानों की विधवाओं को जिन्होंने आंतकवादी गतिविधियों के दौरान शहीद हुए एवं ऑपरेशन विजय के दौरान शहीद हुए सैनिकों की विधवाओं को द्वितीय एवं शयनयान श्रेणियों के किराये में 75 प्रतिशत तक रियायत प्रदान की गई है।
छात्रा/छात्राओं हेतु रियायत
ऐसे छात्रा जो कि छुट्टियों के दौरान अपने गृह क्षेत्र जाने आने एवं शैक्षणिक दौरों पर आने जाने के लिए सामान्य श्रेणी के छात्र व छात्राओं को द्वितीय एवं शयनयान में 50 प्रतिशत एवं एमएसटी व क्यूएसटी के लिए भी 50 प्रतिशत की रियायत उपलब्ध है। अनुसूचित जाति व जनजाति के छात्रों हेतु यह रियायत 75 प्रतिशत रखी गयी है। ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों को वर्ष में एक बार शैक्षणिक दौरे पर जाने हेतु द्वितीय श्रेणी में 75 प्रतिशत को रियायत उपलब्ध है। ग्रामीण क्षेत्रों के सरकारी स्कूल की छात्राओं को जो कि राष्ट्रीय स्तर पर मेडिकल, इंजीनियरिंग इत्यादि प्रवेश परीक्षाओं में जाने हेतु द्वितीय श्रेणी में 75 प्रतिशत की रियायत।
केन्द्रीय कर्मचारी चयन आयोग एवं संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित मुख्य लिखित परीक्षाओं में भाग लेने हतु छात्र/छात्राओं को द्वितीय श्रेणी में 50 प्रतिशत रियायत। विदेशी छात्रों को भारत सरकार द्वारा आयोजित की जाने वाली सेमीनारों में भाग लेने एवं छुट्टियों के दौरान ऐतिहासिक क्षेत्रों में भ्रमण पर जाने हेतु द्वितीय एवं शयनयान श्रेणियों में 50 प्रतिशत की रियायत। 35 वर्ष तक के रिसर्च स्कॉलर्स को अपनी रिसर्च के कार्य से भ्रमण पर जाने के लिए द्वितीय एवं शयनयान श्रेणियों के 50 प्रतिशत की रियायत। स्टूडेन्स एव नान स्टूडेन्टस जो कि कैम्प्स कार्य हेतु जाते है उनके लिए द्वितीय एवं शयनयान श्रेणियों में 25 प्रतिशत तक की रियायत। केडिट एवं सामुद्रिक इंजीनियरिंग प्रशिशुओं को नेविगेशनल/इंजीनियरिंग ट्रेनिंग इत्यादि में गृह नगर से सेवा कार्य तक जाने हेतु द्वितीय एवं शयनयान श्रेणियों में 50 प्रतिशत तक रियायत उपलब्ध है।
युवाओं हेतु रियायतें
राष्ट्रीय एकीकरण कैम्पों में भाग लेने जाने वाले युवाओं को इस योजना के तहत राष्ट्रीय युवा परियोजना में भाग लेने पर द्वितीय एवं शयनयान श्रेणियों में 50 प्रतिशत रियायत उपलब्ध है। मानव उत्थान सेवा समिति में भाग लेने पर द्वितीय एवं शयनयान श्रेणियों में 40 प्रतिशत रियायत उपलब्ध है।
बेरोजगार युवाओं को इस योजना के तहत अगर वे सरकारी अन्डर टेकिंग, म्युनसिपल कारपोरेशन, विश्व विद्यालय एवं पब्लिक सेक्टर संस्थाओं में साक्षात्कार हेतु जाने के लिए द्वितीय एवं शयनयान में 50 प्रतिशत की रियायत केन्द्र एवं राज्य सरकारों में नौकरी हेतु साक्षात्कार में जाने हेतु द्वितीय श्रेणी में 100 प्रतिशत एवं शयनयान में 50 प्रतिशत की रियायत उपलब है।
भारत स्काउट एवं गाइड से सम्बद्ध छात्र/छात्राओं को स्काउटिंग ड्यूटी पर जाने हेतु द्वितीय एवं शयनयान श्रेणियों में 50 प्रतिशत की रियायत उपलब्ध है।
किसानो हेतु रियायतें
किसानों एवं औद्योगिक मजदूरों को कृषि एवं औद्योगिक प्रदर्शनियों में भाग लेने जाने हेतु द्वितीय एवं शयनयान श्रेणियों में 25 प्रतिशत तक रियायत। सरकार द्वारा प्रायोजित विशेष रेल सेवाओं में यात्रा करने वाले किसानों को द्वितीय एवं शयनयान श्रेणियों में 33 प्रतिशत तक रियायत। किसानों एवं दुग्ध उत्पादकों को राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा एवं ट्रेनिंग लेने हेतु इंस्टीट्यूट में जाने हेतु द्वितीय एवं शयनयान श्रेणियों में 50 प्रतिशत तक रियायत। भारतीय कृषक समाज एवं सर्वोदय समाज, वर्धा द्वारा आयोजित की जाने वाली राष्ट्रीय वार्षिक सम्मेलन में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को द्वितीय एवं शयनयान श्रेणियों के किराये में 50 प्रतिशत तक रियायत उपलब्ध है।
कलाकारों एवं खिलाड़ियों हेतु रियायत्
कलाकारों को अभिनय करने जाने हेतु द्वितीय एवं शयनयान श्रेणियों में 75 प्रतिशत रियायत, प्रथम श्रेणी, वातानुकूलित कुर्सीयान, वातानुकूलित द्वितीय एवं तृतीय श्रेणी में 50 प्रतिशत राजधानी, शताब्दी एवं जनशताब्दी रेलसेवाओं की वातानुकूलित कुर्सीयान तृतीय एवं द्वितीय शयनयान श्रेणियों में 50 प्रतिशत की रियायत उपलब्ध है। फिल्म तकनीशियनों को फिल्म बनाने सम्बन्धी कार्य हेतु जाने के लिए स्लीपर श्रेणी में 75 प्रतिशत, प्रथम श्रेणी, वातानुकूलित कुर्सीयान, द्वितीय एवं तृतीय वातानुकूलित शयनयानों में 50 प्रतिशत की, जिसमें शताब्दी एवं राजधानी गाड़ियाँ शामिल हैं, रियायत प्रदान की गई है।
अखिल भारतीय व राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने जाने वाले प्रतिभागियों को द्वितीय एवं शयनयान श्रेणियों में 75 प्रतिशत तथा प्रथम श्रेणी में 50 प्रतिशत रियायत उपलब्ध है।
राष्ट्रीय पर्वतारोहण संस्थान द्वारा चलाये गये पर्वतारोहण अभियानों में भागीदारी करने वाले प्रतिभागियों को द्वितीय एवं स्लीपर श्रेणियों में 75 प्रतिशत एवं प्रथम श्रेणी में 50 प्रतिशत की रियायत उपलब्ध है।
अधीस्वीकृत पत्रकारों को प्रेस कार्य हेतु सभी मेल/एक्सप्रेस रेल सेवाओं में छूट 50 प्रतिशत उपलब्ध। अधीस्वीकृत पत्रकार अपनी पत्नी/सहचर एवं 18 वर्ष तक की उम्र के बच्चे के साथ वित्तीय वर्ष में 2 बार राजधानी/शताब्दी/जन शताब्दी रेल सेवाओं में 50 प्रतिशत रियायत के साथ यात्रा कर सकते है।
मेडिकल प्रोफेशनल्स को रियायत
एलोपैथिक डॉक्टर किसी भी कार्य से भ्रमण करते है तो इन्हें सभी रेल सेवाओं की समस्त श्रेणियों में 10 प्रतिशत की रियायत उपलब्ध है। नर्स एवं मिडवाइव्स को छुट्टियों अथवा ड्यूटी पर जाने हेतु द्वितीय एवं शयनयान श्रेणियों में 25 प्रतिशत रियायत उपलब्ध है।
अन्य सम्मेलनों, वर्कशाप इत्यादि में भाग लेने जाने हेतु के प्रदत्त रियायतें
राष्ट्रीय स्तर की पंजीकृत सामाजिक/शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक संस्थाओं में प्रतिनिधियों को राष्ट्रीय वार्षिक अधिवेशन में भाग लेने, भारत सेवा दल बैंगलुरू के सदस्यों को कैम्प, बैठकों, रैलीयों एवं ट्रैकिंग आयोजनों में भाग लेने, अन्तर्राष्ट्रीय मानव सेवा समिति के सदस्यों को सामाजिक कार्य/सेवा हेतु, प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक स्कूलों के शिक्षकें को शैक्षणिक दौरों पर जाने व सेन्ट जोन एम्बूलेंस बिग्रेड एवं रिलीफ वेलफेयर एम्बूलेस केम्पों एवं प्रतियोगिताओं में भागीदारी के लिए तथा उपरोक्त सभी को द्वितीय एवं शयनयान श्रेणियों में 25 प्रतिशत तक की रियायत उपलब्ध है।
( नियम बदलते रहते हैं:ताजा जानकारी रेलवे से लेते रहेंं)
---------------
गुरुवार, 30 अगस्त 2018
एमपी: शिवराज के जूते-चप्पल बांटने पर बवाल
मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तारीख का ऐलान भले ही न हुआ हो, लेकिन सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस एक-दूसरे पर जमकर हमले बोल रहे हैं। दोनों ही दलों को आलोचना के मौके की तलाश रहती है।
सीएम शिवराज को मिला कानूनी नोटिस
मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तारीख का ऐलान भले ही न हुआ हो, लेकिन सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस एक-दूसरे पर जमकर हमले बोल रहे हैं। दोनों ही दलों को आलोचना के मौके की तलाश रहती है। राज्य सरकार द्वारा तेंदूपत्ता मजदूरों को बांटे गए जूते-चप्पल में हानिकारक रसायन होने की बात सामने आने पर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर हमलों की बौछार कर दी। वहीं भाजपा को इस मसले पर सुरक्षात्मक रुख अपनाना पड़ा। राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने तेंदूपत्ता का काम करने वाले मजदूरों का दिल जीतने के लिए मुख्यमंत्री चरणपादुका योजना शुरू की। इस योजना के जरिए भाजपा आदिवासियों के घर-घर तक पहुंचने की तैयारी में जुटी थी, तभी एक रिपोर्ट सामने आई और उसमें कहा गया कि इन जूते-चप्पलों के निर्माण में जिस रसायन का उपयोग किया जा रहा है, वह कैंसर जैसी बीमारी पैदा कर सकता है। इसके बाद कांग्रेस ने सरकार पर हमलों का दौर शुरू कर दिया। अब तक 10 लाख से ज्यादा जूते-चप्पल बांटे जा चुके हैं।
राज्य की चुनाव प्रचार अभियान समिति के अध्यक्ष और सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया का कहना है, “आदिवासियों के हक और सम्मान की बात करने वाली भाजपा सरकार का ये कारनामा देखिए, 10 लाख आदिवासियों को बांटे गए कैंसर वाले जूते-चप्पल।
केंद्रीय चर्म संस्थान की जांच में इसका खुलासा भी हो गया है। राज्य के वनमंत्री गौरी शंकर शेजवार ने दावा किया कि आदिवासियों को बांटे गए जूते और चप्पलों में किसी तरह का हानिकारक रसायन नहीं है। इसकी जांच नोएडा की फुटवेयर, डिजाइन एवं डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट और चेन्नई की चर्म अनुसंधान संस्थान में की गई, जिसमें प्रतिबंधित रसायन एजेंडओ नहीं है।
वहीं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजय सिह ने नोएडा के फुटवेयर, डिजाइन एवं डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट और चेन्नई की चर्म अनुसांान संस्थान की रिपोर्ट को सार्वजनिक करने की मांग की है। समाजवादी नेता गोविंद यादव का कहना है कि सरकार को यह बात स्पष्ट करनी चाहिए कि जो जूते-चप्पल बांटे गए हैं, वे किस कंपनी के हैं, किससे खरीदी की गई है, उनकी जिस संस्थान से जांच कराई गई है, उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक करें। सरकार सिर्फ यह कहकर नहीं बच सकती कि जूते-चप्पलों में घातक रसायन नहीं हैं। दुर्भाग्यपूर्ण है कि सरकार इस मसले को गंभीरता से ले ही नहीं रही है।
आदिवासियों को बांटे गए जूतों में अगर वास्तव में घातक रसायन है तो यह चिंता की बात है। सत्तापक्ष का मौन रहना तो समझ में आता है, मगर विपक्षी दल कांग्रेस का सिर्फ संवाददाता सम्मेलनों और विज्ञप्तियां जारी करने तक सीमित रहना कई सवाल खड़े करता है। राज्य की कांग्रेस इकाई के किसी भी बड़े नेता ने आदिवासियों के बीच पहुंचकर यह जानने की कोशिश नहीं की कि क्या वास्तव में इन जूतों से उन्हें कोई दिक्कत हो रही है।
SC/ST पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, एक ही राज्य में ले सकेंगे आरक्षण का लाभ
नई दिल्ली 30, 2018.
नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट ने आज कहा कि एक राज्य के अनुसूचित जाति और जनजाति समुदाय के सदस्य दूसरे राज्यों में सरकारी नौकरी में आरक्षण के लाभ का दावा नहीं कर सकते यदि उनकी जाति वहां SC/ST के रूप में अधिसूचित नहीं है। न्यायमूर्ति रंजन गोगोई की अध्यक्षता वाली पांच सदस्यीय संविधान पीठ ने सर्वसम्मति के फैसले में कहा कि किसी एक राज्य में अनुसूचित जाति के किसी सदस्य को दूसरे राज्यों में भी अनुसूचित जाति का सदस्य नहीं माना जा सकता जहां वह रोजगार या शिक्षा के इरादे से गया है। संविधान पीठ के अन्य सदस्यों में न्यायमूर्ति एनवी रमण, न्यायमूर्ति आर भानुमति, न्यायमूर्ति एम. शांतानागौडर और न्यायमूर्ति एस. अब्दुल नजीर शामिल हैं।
संविधान पीठ ने कहा, ‘‘एक राज्य में अनुसूचित जाति के रूप में अधिसूचित व्यक्ति एक राज्य में अनुसूचित जाति के रूप में अधिसूचित होने के आधार पर दूसरे राज्य में इसी दर्जे का दावा नहीं कर सकता।’’ न्यायमूर्ति भानुमति ने हालांकि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अजा-अजजा के बारे में केन्द्रीय आरक्षण नीति लागू होने के संबंध में बहुमत के दृष्टिकोण से असहमति व्यक्त की। पीठ ने 4:1 के बहुमत के फैसले में कहा कि जहां तक दिल्ली का संबंध है तो अजा-अजजा के बारे में केन्द्रीय आरक्षण नीति यहां लागू होगी।
संविधान पीठ ने यह व्यवस्था उन याचिकाओं पर दी जिनमें यह सवाल उठाया गया था कि क्या एक राज्य में SC/ST के रूप में अधिसूचित व्यक्ति दूसरे राज्य में आरक्षण प्राप्त कर सकता है जहां उसकी जाति को अजा-अजजा के रूप में अधिसूचित नहीं किया गया है। पीठ ने इस सवाल पर भी विचार किया कि क्या दूसरे राज्य के SC/ST सदस्य दिल्ली में नौकरी के लिए आरक्षण का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
( पंजाब केसरी)
मंगलवार, 28 अगस्त 2018
पीएम मोदी की हत्या करने की साजिश:गिरफ्तारियां:5 राज्यों में छापे: माओवादियों पर आरोप
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हत्या की साजिश रचने के मामले में नया मोड़ आ गया है। माओवादियों की साजिश की तह तक जाने के लिए पुलिस ने पांच राज्यों के 8 ठिकानों पर एक साथ छापे मारे हैं। न्यूज एजेंसी यूएनआई के अनुसार, इस मामले में लेखक पी. वारावारा राव को हैदराबाद से गिरफ्तार किया गया है। तकरीबन सात घंटे तक चली छानबीन के दौरान उनके घर से कई दस्तावेज बरामद किए गए हैं। मालूम हो कि दिल्ली स्थित सामाजिक कार्यकर्ता रोना विल्सन के घर पर मारे गए छापे में एक चिट्ठी बरामद की गई थी, जिससे पीएम मोदी की हत्या की साजिश का खुलासा हुआ था। पुणे पुलिस को संदेह है कि इस पत्र में वारावारा राव के नाम का भी उल्लेख था। माओवादियों के पत्र के सामने आने के बाद पुलिस ने पूर्व में भी कई जगहों पर छापा मारा था, लेकिन पीएम मोदी की हत्या की माओवादी साजिश के मामले में यह अब तक कि सबसे बड़ी कार्रवाई है। पुलिस ने महाराष्ट्र, गोवा, तेलंगाना, दिल्ली और झारखंड में संयुक्त तौर पर एक साथ छापे मारे हैं।
+
पुणे पुलिस ने कुछ दिन पहले भीमा कोरेगांव में हुए हिंसक प्रदर्शन के मामले में 5 दलित कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किये गये दलित कार्यकर्ताओं में से एक रोना जैकब विल्सन के लैपटॉप से पुलिस को एक पत्र बरामद हुआ था। इस पत्र से पता चला है कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जिस तरह से हत्या की गई थी, उसी तरह से पीएम मोदी की भी हत्या की साजिश रची जा रही थी। अब इस मामले को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं आने लगी हैं। कांग्रेस नेता संजय निरुपम ने कहा कि ‘ मैं यह नहीं कहता कि यह पूरी तरह से गलत है। लेकिन यह पीएम मोदी का पुराना हथकंडा भी हो सकता है। जब वो मुख्यमंत्री थे और जब उनकी लोकप्रियता कम होने लगी थी तो इस तरह की कहानियां प्रचारित कई गई थीं। इसलिए इसमें कितनी सच्चाई है इसकी जांच होनी चाहिए।
इधर सीपीआई (एम) के जनरल सेक्रेटरी सीताराम येचुरी ने भी इस पूरे मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। सीताराम येचुरी ने कहा है कि देश के अंदर सुरक्षा संस्थाएं हैं वो अपना काम करेंगी। अभी तक तो नेताओं की हिफाजत यह संस्थाएं करती रही हैं और आगे भी करेंगी। जब उनसे पूछा गया कि क्या ऐसी खबरें प्रचारित की जा रही हैं इसपर सीपीआई (एम) के जनरल सेक्रेटरी ने कहा कि अभी इसपर कुछ नहीं कहा जा सकता क्योंकि मामला अदालत में और जांच के बाद ही पता चलेगा की असलियत क्या है?
इससे पहले पुणे पुलिस ने जो ख़त बरामद किया है उसमें इस बात का जिक्र है कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जिस तरह से हत्या की गई थी उसी तरह से ही रैली के दौरान मौजूदा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हत्या की जा सकती है। कहा जा रहा है कि यह ख़त किसी माओवादी नेता को लिखा गया है। इस ख़त में कहा गया है कि मोदी के नेतृत्व वाला हिंदू कट्टरवाद आदिवासियों के जीवन को बर्बाद कर रहा है।
पत्र में लिखा हुआ है कि- ‘पीएम मोदी का पूरे देश में बढ़ता दायरा हमारी पार्टी के लिए हर लिहाज से बड़ा खतरा है. मोदी लहर का फायदा उठाते हुए बीजेपी देश के 15 से ज्यादा राज्यों में अपनी सरकार बनाने में सफल रही है. ऐसे में हमें पीएम मोदी के खात्मे को लेकर सख्त कदम उठाने ही होंगे. हम सोच रहे हैं कि राजीव गांधी हत्याकांड की तरह इसे भी अंजाम दिया जाए ताकि देखने में यह आत्महत्या या दुर्घटना जैसा लगे. एक और राजीव गांधी हत्याकांड को अंजाम देने के लिए पीएम के रोड शो को टार्गेट किया जा सकता है’। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
+
पुणे पुलिस ने एक पत्र बरामद किया है, जिसमें बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। दरअसल इस पत्र से पता चला है कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जिस तरह से हत्या की गई थी, उसी तरह से पीएम मोदी की भी हत्या करने की साजिश रची जा रही थी। इस पत्र में पीएम मोदी को किसी रोड शो के दौरान निशाना बनाए जाने की बात कही गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। बता दें कि बीते बुधवार पुणे पुलिस ने महाराष्ट्र के भीमा कोरेगांव में हुए हिंसक प्रदर्शन के मामले में 5 दलित कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया था। पुणे पुलिस ने दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर रोना जैकब विल्सन, सुधीर धावले, शोमा सेन, महेश राउत और सुरेंद्र गाडलिंग को गिरफ्तार किया था। पुलिस का कहना है कि इन दलित कार्यकर्ताओं के संबंध माओवादियों के साथ है, जिसकी फिलहाल जांच चल रही है। इन्हीं गिरफ्तार दलित कार्यकर्ताओं में से एक रोना जैकब के लैपटॉप से पुलिस ने पीएम मोदी की हत्या की साजिश वाला पत्र बरामद किया है।
पुणे पुलिस द्वारा बरामद किया गया पत्र किसी माओवादी नेता को लिखा गया है। जिसमें कहा गया है कि “हिंदू कट्टरवाद हमारे एजेंडे की प्रमुख चिंता है। कई नेताओं ने इस मुद्दे को गंभीरता से उठाया है। हम समान विचारधारा के लोगों के साथ गठजोड़ करके इस मुद्दे पर काम कर रहे हैं। मोदी के नेतृत्व वाला हिंदू कट्टरवाद आदिवासियों के जीवन को बर्बाद कर रहा है। बिहार और पश्चिम बंगाल में मिली जबरदस्त हार के बावजूद मोदी ने 15 राज्यों में सफलतापूर्वक भाजपा की सरकार बना दी है। यदि भाजपा और मोदी की यही रफ्तार कायम रही तो इससे पार्टी को काफी नुकसान हो सकता है। पत्र में कहा गया है कि कामरेड किशन और कुछ अन्य वरिष्ठ कामरेड मोदी राज को खत्म करने के लिए कोई ठोस कदम उठाना चाहते हैं। इसके लिए राजीव गांधी जैसे हमले के बारे में सोचा जा रहा है। हालांकि यह आत्मघाती हो सकता है और हम इसमें फेल भी हो सकते हैं, लेकिन इसके बावजूद पार्टियों PB/CC को हमारे इस सुझाव पर विचार करना चाहिए। इसके लिए मोदी के रोड शो को निशाना बनाना असरदार साबित हो सकता है।”
पुणे पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपियों के पास से पेन ड्राइव, हार्ड डिस्क और कुछ अन्य दस्तावेज भी बरामद किए हैं। पुणे के ज्वाइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस रविंद्र कदम ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया है कि “हम इनके लिंक और कनेक्शन की जांच कर रहे हैं। हमने कई घरों पर भी छापेमारी की है। रोना जैकब विल्सन के घऱ से हमने एक पेन ड्राइव, हार्ड डिस्क और कुछ अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं, जिन्हें फिलहाल फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। हमें पता लगा है कि रोना विल्सन और सुरेंद्र गाडलिंग के नक्सलवादियों के साथ संबंध हैं। सुरेंद्र गाडलिंग को कोर्ट में पेश किया गया है, जहां से उसे 8 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।”
शनिवार, 25 अगस्त 2018
नरेंद्र मोदी के 2019 में पुनः प्रधानमंत्री बनने का चास आधा रह गया
(पंजाब केसरी नेशनल डेस्क)
वैश्विक अर्थशास्त्र और राजनीति पर व्यापक रूप से लिखने वाले अर्थशास्त्री और निवेशक रुचिर शर्मा ने दावा किया है कि नरेंद्र मोदी के 2019 में प्रधानमंत्री बनने के फिर से चांस घट गए हैं। विश्वभर के समाचार पत्रों के स्तंभकार के तौर पर लिखने वाले शर्मा ने बताया कि 2019 में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने की संभावना 99 फीसदी से 50 पर आ गई है।
रुचिर शर्मा 24 चुनाव कवर कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि 2017 में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने की संभावना 99 फीसदी थी। लेकिन 2018 में यह घटकर 50 फीसदी रह गई है। बता दें कि शर्मा ने इसके पीछे कोई खास वजह नहीं बताई। उनके कहना है कि अलग-अगल बंटे विपक्ष के 2019 में एक साथ आने के संकेत बन रहे हैं। अपनी आने वाली किताब ‘डेमोक्रेसी ऑन रोड’ के लिए काम कर रहे रुचिर शर्मा ने कहा कि 2014 में बीजेपी 31 फीसदी वोटशेयर के साथ जीती थी क्योंकि उस समय विपक्ष बंटा हुआ था। सीटों का शेयर असंगत था और वोट एक जगह केंद्रित था।
शर्मा ने कहा 2019 के चुनाव एकदम अलग होने वाले हैं। अब नाटकीय रूप से आंकडों का अंतर बदल गया है। अब चुनाव 50-50 होने जा रहा है और गठबंधनों को ज्यादा अवसर मिलने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूरी तरह से बंटा हुआ विपक्ष अब वास्तव में एकजुट होने के संकेत दे रहा है। कोई नहीं चाहता कि चुनाव नतीजे एक तरफा रहें। अर्थशास्त्री की विश्व की राजनीति पर गहरी नजर है, खासकर भारत पर।
रुचिर की आने वाली किताब संभवता 2019 चुनाव से पहले फरवरी में लॉन्च होगी। उनका दावा है कि चुनावों को लेंस के तौर पर इस्तेमाल करते हुए उनकी अंतदृष्टि उपलब्ध कराएगी कि भारतीय लोकतंत्र कैसे काम करता है। शर्मा के पास भारत में दो दर्जन चुनाव कवर करने का अनुभव है और वे यह काम 1990 से कर रहे हैं।
रुचिर 2004 के चुनाव को याद करते हुए बताते हैं, कि तब अटल बिहारी वाजपेयी के साथ भी आज जैसी स्थिति बन गई थी। उन्होंने कहा कि जब वाजपेयी के खिलाफ विपक्ष एकजुट होने लगा था, तब यही सवाल खड़ा हो गया था, कि वाजपेयी नहीं तो प्रधानमंत्री कौन बनेगा? और ऐसी स्थिति में चुनाव एक्सीडेंटल बन गया था।
80 लोकसभा सीटों वाले उत्तर प्रदेश को माइक्रोसोम्स बताते हुए शर्मा ने कहा कि अगर सपा और बसपा के बीच राज्य में गठबंधन होता है, तो चुनाव में बीजेपी का सूपड़ा साफ कर देगा और गठबंधन नहीं होता, तो बीजेपी जीतेगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अभी भी जाति के आधार पर वोट डाला जाता है।
25-8-2018.
पूर्वचेयरमेन बनवारीलाल पर यौनशोषण आरोप: हाईकोर्ट में तारीख 5-9-2018.
सूरतगढ़ 25-8-2018.
कांग्रेसी नेता पूर्व पालिकाध्यक्ष बनवारीलाल मेघवाल, ओम साबनिया व सिपाही रोहताश पर अनुसूचित जाति की महिला का यौन शोषण करने के आरोप के मामले में राजस्थान उच्च न्यायालय में आगामी तारीख 5 सितंबर 2018 की है।
उच्च न्यायालय में पत्रावली कई बार तारीखों पर आई लेकिन उस पर सुनवाई नहीं हो पाई थी। अभी 23-8-2018 तारीख थी जिस पर अगले दिन की तारीख 24-8-2018 दी गई। इस दिन भी दोनों पक्षों के वकीलों की दलीलें नहीं हो पाई। इसके बाद अगली तारीख 5-9-2018 दी गई। 5 सितंबर को दोनों पक्षों के वकीलों की दलीलें सुनी जाएंगी। उसी दिन बनवारीलाल व रोहतास की रिट पर निर्णय दिया जा सकता है।
विदित रहे की इन तीनों पर रेप व देह शोषण का आरोप है। उक्त मुकदमा 10-10-2010 को अदालत के आदेश से सिटी पुलिस थाने में दर्ज हुआ था।
इस मामले में पुलिस ने दो बार अंतिम रिपोर्ट लगाकर सूरतगढ़ की अदालत में पेश की और दोनों बार चुनौती दी गई जिस पर अदालत ने दोनों बार प्रसंज्ञान लिया। बनवारीलाल ने श्रीगंगानगर अदालत में भी सूरतगढ़ की अदालत के प्रसंज्ञान लिए जाने को चुनौति देते हुए अपील की थी।
सूरतगढ़ की अदालत द्वारा अभियुक्तों के वारंट जारी होने वाले थे कि बनवारीलाल ने राजस्थान उच्च न्यायालय में पुनर्विचार 482 के तहत रिट लगादी। उसके बाद रोहताश ने भी अलग से उच्च न्यायालय में पुनर्विचार रिट लगादी।
पीडि़ता खुद दो तीन बार उच्च न्यायालय में तारीख पेशी पर मौजूद रही थी। इस बार भी पीड़िता 23 अगस्त को उच्च न्यायालय में पेश हुई थी।
============================
गुरुवार, 23 अगस्त 2018
जोहड़ पायतन व जल बहाव क्षेत्र से अतिक्रमण हटे-कलेक्टर ज्ञानाराम
श्रीगंगानगर, 23 अगस्त 2018.
जिला कलक्टर श्री ज्ञानाराम ने कहा कि जोहड़ पायतन की भूमि तथा जल बहाव क्षेत्रा में किसी प्रकार के अतिक्रमण हो, उन्हें हटाये जाये।
जिला कलक्टर गुरूवार 23-8-2018 को कलेक्ट्रेट सभा हॉल में जल बहाव अतिक्रमण से संबंधित बैठक में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि राजस्थान राजस्व मंडल अजमेर में जोहड़ पायतन के अतिक्रमण से संबंधित 342 प्रकरण विचारणीय है, जिनमें से 10 का निर्णय हुआ है। उन निर्णयों की प्रतियां मंगवाकर संदर्भित निर्णय के रूप में काम में लिये जाये। घग्घर नाली बैल्ट में किये गये अतिक्रमण के संबंध में 49 अतिक्रमणियों के विरूद्ध पुलिस में प्राथमिकी दर्ज की गई है। घग्घर बैल्ट के डिपरेशन संख्या 1 से 18 में 5 से 18 तक क्षेत्र श्रीगंगानगर जिले में आता है। इस बहाव क्षेत्र में जिन किसानों ने अतिक्रमण कर फसल बुवाई की है, उनके विरूद्ध एलआर एक्ट की धारा 91 में कार्यवाही के लिये संबंधित तहसीलदार को विभाग प्रकरण प्रस्तुत करेगा। जल बहाव क्षेत्र में किसी तरह की रूकावट नही होनी चाहिए। श्रीगंगानगर जिले में किसी तरह का डेम नही होने के कारण इस बिन्दु पर कोई चर्चा नही हुई।
बैठक में एसडीएम श्री सौरभ स्वामी, सूरतगढ़ एसडीएम श्रीमती सीता शर्मा, जल संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता श्री प्रदीप रूस्तगी, पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता श्री वी.एल.धनकड़, अधीशाषी अभियंता श्री विजय कुमार पुरोहित सहित अन्य अधिकारियों ने भाग लिया।
पत्रकार कुलदीप नैयर का निधन:(95 वर्ष) आपातकाल विरोधी रहे।
नई दिल्ली 23-8-2018.
प्रख्यात पत्रकार, लेखक और सामाजिक कार्यकर्ता कुलदीप नैयर का निधन 22 -8-2018 बुधवार देर रात हो गया. उनकी उम्र 95 साल थी और वह पिछले तीन दिनों से राजधानी नई दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती थे.
काफी समय से उनकी सेहत नासाज़ थी. आज यानी 23 अगस्त की दोपहर तकरीबन एक बजे लोधी रोड पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा.
कुलदीप नैयर उन लोगों में से एक थे, जिन्होंने आपातकाल का खुलकर विरोध किया और आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था अधिनियम (मीसा) के तहत जेल भी गए.
‘बियॉन्ड द लाइंस’, ‘इंडिया आफ्टर नेहरू’, ‘डिस्टेंट नेबर्स: अ टेल आॅफ द सबकॉन्टिनेंट’, ‘वॉल ऐट वाघा – इंडिया पाकिस्तान रिलेशंस’, ‘सप्रेशन आॅफ जजेस’, ‘द जजमेंट: इन्साइड स्टोरी आॅफ इमरजेंसी इन इंडिया’, ‘विदाउट फीयर: द लाइफ एंड ट्रायल आॅफ भगत सिंह’ और ‘इमरजेंसी रिटोल्ड’ समेत तकरीबन 15 किताबें लिखने वाले कुलदीप नैयर ने इंडियन एक्सप्रेस अख़बार का संपादक रहने के साथ ही 1990 में ब्रिटेन स्थित भारतीय उच्चायोग में बतौर उच्चायुक्त अपनी सेवाएं भी दी थीं.
14 अगस्त 1923 को सियालकोट (अब पाकिस्तान) में जन्मे कुलदीप नैयर ने अपनी पत्रकारिता की शुरुआत उर्दू अख़बार ‘अंजाम’ से की थी. वह अंग्रेज़ी अख़बार ‘द स्टेट्समैन’ के दिल्ली संस्करण के संपादक रहे. इसी दौरान आपातकाल का विरोध करने की वजह से उन्हें जेल भी जाना पड़ा.
पत्रकार और लेखक होने के साथ-साथ वह सामाजिक कार्यकर्ता भी रहे हैं. वर्ष 1996 में संयुक्त राष्ट्र गए भारतीय प्रतिनिधिमंडल का भी वह हिस्सा थे. 1997 में उन्हें राज्यसभा का सदस्य नामांकित किया गया.
अमृतसर में भारत-पाकिस्तान (अटारी बाघा) सीमा पर साल 2000 से 14 और 15 अगस्त को शांति बनाए रखने के उद्देश्य से वह मोमबत्तियां जलाया करते थे. यह सिलसिला एक दशक से ज़्यादा समय तक चला.
इसके अलावा भारतीय जेलों में बंद पाकिस्तानी क़ैदी और पाकिस्तान की जेलों में बंद भारतीय क़ैदी, जिनकी सज़ा पूरी होने के बाद भी उन्हें रिहा नहीं किया गया था, उनके लिए भी वह मुहिम चलाते थे.
वर्ष 1985 से कुलदीप नैयर तकरीबन 80 पत्र-पत्रिकाओं में 14 भाषाओं में कॉलम लिख चुके थे. इनमें बेंगलुरु का ‘डेक्कन हेरल्ड’, ‘द डेली स्टार’, ‘द संडे गार्जियन’, ‘द न्यूज़’, ‘द स्टेट्समैन’, ‘प्रभा साक्षी’ और पाकिस्तान के अख़बार ‘द एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ और ‘डॉन प्रमुख’ हैं.
पाकिस्तान के लाहौर स्थित फोरमैन क्रिश्चियन कॉलेज से उन्होंने बीए आॅनर्स किया और लाहौर में ही लॉ कॉलेज से एएलबी की डिग्री हासिल की. वह सुप्रीम कोर्ट में वरिष्ठ अधिवक्ता राजीव नायर के पिता थे.
इसके अलावा 1953 में कुलदीप नैयर ने एक स्कॉलरशिप मिलने के बाद अमेरिका की नॉर्थ वेस्टर्न यूनिवर्सिटी के मेडिल स्कूल आॅफ जर्नलिज़्म से पत्रकारिता की पढ़ाई की थी.
साल 2015 में पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें रामनाथ गोयनका पुरस्कार से सम्मानित किया गया. इसके अलावा उनके नाम से कुलदीप नैयर पत्रकारिता सम्मान भी मीडिया में काम करने वाले लोगों को दिया जाता है.
सदस्यता लें
संदेश (Atom)
















