शुक्रवार, 8 मई 2026

पुलिस एएसआई 25 हजार रू. घूंस लेते ही गिरफ्तार. एसीबी ने पकड़ा.लेटेस्ट

  

राजस्थान 8 मई 2026.

राजस्थान में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो जयपुर नगर तृतीय इकाई की टीम ने टोंक जिले के दत्तवास थाने में तैनात एक सहायक उप-निरीक्षक  को 25 हजार रू. रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा। इस कार्यवाही से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।

एसीबी के महानिदेशक गोविन्द गुप्ता के अनुसार ब्यूरो को एक परिवादी ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि दत्तवास थाने में उसके खिलाफ एक मामला (प्रकरण संख्या 50/26) दर्ज है। इस मामले में मदद करने और पुलिस द्वारा जब्त किए गए मोबाइल को वापस लौटाने के बदले थाने का एएसआई गणेश नारायण चौधरी 25,000 रुपये की रिश्वत मांग रहा है।

शिकायत का सत्यापन होने के बाद एसीबी की टीम ने ट्रेप की योजना बनाई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश नवल के नेतृत्व और उप अधीक्षक सुरेश कुमार स्वामी की टीम ने जाल बिछाया।  आरोपी एएसआई गणेश नारायण चौधरी ने जैसे ही  परिवादी से 25,000 रुपये की नगद राशि ली वैसे ही टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया.

 एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता वास्तव और महानिरीक्षक एस. परिमला के निर्देशन में आगे की कानूनी कार्यवाही की जा रही है। ब्यूरो अब भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर इस कांड की गहराई से जांच करेगा।०0०








यह ब्लॉग खोजें