पांसल व समोडी तालाबों के अतिक्रमण मानसून से पहले हटाएंगे - जल संसाधन मंत्री
* करणीदानसिंह राजपूत *
जयपुर, 6 मार्च 2026.
जल संसाधन मंत्री श्री सुरेश सिंह रावत ने शुक्रवार को विधानसभा में कहा कि भीलवाड़ा के पांसल तथा समोडी तालाब में अतिक्रमण कर मलबा डालने का विषय संज्ञान में आने पर विभागीय अधिकारियों द्वारा संबंधित लीजधारी को नोटिस जारी किए गए हैं।
जिला कलेक्टर, भीलवाड़ा को भी इस संबंध में कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया है।
मंत्री श्री रावत ने आश्वस्त किया कि आगामी वर्षाकाल से पहले ही इन तालाबों के भराव व बहाव क्षेत्र से अतिक्रमण हटा दिया जाएगा।
उन्होंने जानकारी दी कि जल प्रवाह क्षेत्र के अवरोधों को हटाने के संबंध में राजस्थान उच्च न्यायालय के आदेश पर प्रशासनिक सुधार विभाग द्वारा जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में एक समिति बनी हुई है, जिसमें जल संसाधन विभाग के अधिकारी भी शामिल हैं।
जल संसाधन मंत्री श्री रावत प्रश्नकाल के दौरान सदस्य श्री उदयलाल भडाणा द्वारा इस संबंध में पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के मार्गदर्शन में बजट वर्ष 2026-27 के तहत पंचायती राज विभाग से जल संसाधन विभाग में आए छोटे बांधों और तालाबों में से 200 तालाबों का चरणबद्ध रुप से 300 करोड़ रुपये की लागत से जीर्णोद्दार का कार्य करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भीलवाड़ा जिले के सुरास, पांसल व समोडी तालाब पंचायत राज को हस्तान्तरित तालाबों में सम्मलित हैं।०0०