सूरतगढ:रेलवे ओवरब्रिज मरम्मत की समयबद्ध चेतावनी. योगेश मेघवाल की चेतावनी.
* करणीदानसिंह राजपूत *
सूरतगढ़ 23 फरवरी 2026.
बड़ोपल रोड और बाईपास के रेलवे ओवरब्रिज की मरम्मत कराने के लिए आज प्रशासन को मांगपत्र दिया गया जिसमें चेतावनी है कि 15 मार्च तक कराया जाए अन्यथा पुल जाम और आमरण अनशन शुरू किया जाएगा। प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रवक्ता योगेश मेघवाल के नेतृत्व में प्रदर्शन करने के बाद अतिरिक्त जिला कलेक्टर को यह मांग पत्र सौंपा गया। यह मांग पत्र उपखंड अधिकारी के नाम तैयार हुआ था लेकिन उनके यहां मौजूद नहीं होने पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर दीनानाथ बब्बल को सौंपा गया।
मांगपत्र में यह चेतावनी लिखी गई।
माननीय उपखण्ड अधिकारी महोदय जी आप सूरतगढ की तमाम प्रशासनिक व्यवस्थाओं का नेतृत्व करते है और आपके अधीन ही सूरतगढ क्षेत्र की प्रशासनिक व्यवस्थाएं आती है, महोदय जी बड़े खेद के साथ आपको ज्ञापन प्रेषित किया जा रहा है,विषय बड़ा गम्भीर व आमजन की सुरक्षा से जुड़ा है,लेकिन इतना गम्भीर विषय होने के बावजूद प्रशासन कुम्भकर्णी नींद में सोया हुआ है,महोदय जी सूरतगढ उत्तरी राजस्थान का ताज है और सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण शहर है महोदय जी सूरतगढ शहर के दो हिस्सों व सेंकड़ों गांवों व ढाणियों को जोड़ने वाला रेलवे ओवरब्रिज अपनी दुर्दशा पर पिछले 2 साल से आंसू बहा रहा है लेकिन जिन विभागों की जिम्मेदारी इस पुल के सार सम्भाल की थी उन सभी विभागों ने इस पुल को दीन-हीन स्थिति में ला खड़ा किया है। इस ओवरब्रिज के नीचे से रेलवे लाइन गुजरती है। इस ओवरब्रिज पर से रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं।इस ओवरब्रिज पर कभी भी बड़ी दुर्घटना घटित हो सकती है। पुल की दुर्दशा की वजह से रोजाना पुल पर एक्सीडेंट होना आम बात हो गई है। हालात यह है कि अगर जल्द ही पुल को नही सुधारा गया तो यह पुल कभी भी गिर सकता है जिसकी वजह से कोई भी बड़ा हादसा हो सकता है।पुल के ऊपर साइडों में लगे विद्युत पोल क्षतिग्रस्त हो चुके हैं व अधिकांश में लाइट नही जलती है, जिसकी वजह से इस पुल पर कई बार छीना झपटी की घटनाएं भी हो चुकी है।
पुल नशेड़ियों की पनाहगाह बन चुका है।पुल पर शराब की बोतलें, नशीले इंजेक्शन, मेडिकल नशे की गोलियों के कवर सरेआम देखे जा सकते है।
महोदय जी, आपको ज्ञापन प्रेषित कर आपका ध्यान आकर्षित करवाया जा रहा है कि यह पुल केवल सूरतगढ शहर ही नहीं बल्कि रावतसर व पीलीबंगा तक के गांवों को सूरतगढ से जोड़ता है।अगर 15 मार्च तक पुल की मरम्मत नही करवाई जाती है तो प्रार्थीगण पुल को जाम करेंगे व आमरण अनशन शुरू करेंगे जिसकी समस्त जिम्मेदारी सूरतगढ प्रशासन की होगी । 15 मार्च से पहले पुल को दुरुस्त किया जावे,पुल पर लगे क्षतिग्रस्त विद्युत पोल बदलकर सभी पोल की लाइट्स शुरू की जावे, पुल पर जमावड़ा करने वाले नशेड़ियों पर कार्यवाही की जावे।
युवा कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता योगेश मेघवाल,सतनाम वर्मा,सतपाल मामा, विक्रम बाल्मीकि,लखविंदर बुट्टर,बार संघ के पूर्व अध्यक्ष जसवीर हुंदल,ज्योति माई,जसराम टाक, सिकन्दर खान,रामअवध यादव,गोपाल आसेरी आदि ने मांगपत्र प्रशासन को सौंपा व हालात से अवगत कराया।०0०