बुधवार, 18 फ़रवरी 2026

हनुमानगढ़-गंगानगर में हैवी मैटल टेस्टिंग लैबः पानी की शुद्धता.


जयपुर, 18 फरवरी 2026
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री श्री कन्हैयालाल ने बुधवार को विधानसभा में कहा कि पंजाब से आने वाले नहरी जल में कभी-कभी अधिक गंदलापन की समस्या उत्पन्न हो जाती है। नहर बंदी के समय जल भंडारण की स्थिति में यह समस्या और भी बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि दूषित पानी की समस्या के समाधान के लिए जल गुणवत्ता परीक्षण को सुदृढ़ किया जा रहा है तथा आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त उपचार की व्यवस्था भी की जा रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि हनुमानगढ़ और गंगानगर में हैवी मेटल टेस्टिंग लैब स्थापित की जाएगी। साथ ही प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर भी पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए टेस्टिंग लैब लगाई जाएगी, जिससे जल गुणवत्ता की निगरानी और प्रभावी हो सके।
मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘स्वच्छ जल‘ के संकल्प के अनुरूप प्रत्येक नागरिक को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना है।
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री प्रश्न काल में विधायक श्री रूपेंद्र सिंह कुन्नर द्वारा पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि करणपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल जल मांग शहरी क्षेत्र में 7.9 एमएलडी तथा ग्रामीण क्षेत्र में 9.2 एमएलडी है। इस मांग की पूर्ति के लिए 17.1 एमएलडी क्षमता का फिल्ट्रेशन प्लांट स्थापित है, जहां पानी को फिल्टर कर नियमित परीक्षण के बाद आपूर्ति की जा रही है।
उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन की गाइडलाइन के अनुसार 20 घरों अथवा 100 से अधिक आबादी वाले गांवों को योजना से जोड़ा जा रहा है। करणपुर विधानसभा क्षेत्र में 123 ग्रामीण जल योजनाओं की स्वीकृति जारी की गई है। अब तक 407 गांवों में 33,448 जल संबंध प्रदान किए जा चुके हैं। इनमें से 112 ग्रामीण योजनाओं का कार्य पूर्ण हो चुका है। इसके तहत 29,936 जल संबंध प्रदान किए गए हैं। 35 गांवों में नई योजनाओं का कार्य प्रगति पर है तथा 2 योजनाओं के टेंडर जारी किए जा चुके हैं।
इससे पहले सदस्य श्री कुन्नर के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री ने कहा कि करणपुर क्षेत्र की शहरी जल योजनाओं में तकनीकी कर्मचारियों के कुल 41 स्वीकृत पद हैं, जिनमें से 20 पद रिक्त हैं। इन रिक्त पदों में से 12 पदों पर सीधी भर्ती हेतु विज्ञप्ति जारी की जा चुकी है, जबकि शेष 8 पद पदोन्नति के माध्यम से भरे जाएंगे। भर्ती प्रक्रिया कर्मचारी चयन आयोग को भेज दी गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में तकनीकी सेवाओं के लगभग 3000 पदों पर नई भर्ती की प्रक्रिया प्रगति पर है, जबकि 1300 पदों से संबंधित तकनीकी एवं प्रक्रियात्मक समस्याओं का समाधान कर शीघ्र भर्ती की तैयारी की जा रही है।
ग्रामीण जल योजनाओं की स्थिति
करणपुर विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण जल योजनाओं को लेकर मंत्री श्री कन्हैयालाल ने कहा कि 18 ग्रामीण जल योजनाओं पर 29 कर्मचारी कार्यरत हैं। वहीं 70 जनता जल योजनाओं में 79 कर्मचारी हैं। वहीं 43 योजनाओं में 52 कर्मचारी संविदा पर लगे हुए है। इसके अतिरिक्त विभिन्न गांवों में संचालित 131 योजनाओं में 160 कर्मचारी कार्य कर रहे हैं।०0०

यह ब्लॉग खोजें