शनिवार, 27 जनवरी 2018

भाजपा के सत्ता दुरुपयोग करने के बाद भी कांग्रेस जीतेगी-रघु शर्मा:अजमेर कांग्रेस प्रत्याशी


घर-घर तक दस्तक-राठौड़।

====

27 जनवरी को अजमेर लोकसभा उपचुनाव के कांग्रेसी प्रत्याशी रघु शर्मा ने बड़े नेताओं के साथ अजमेर शहर में रोड शो किया। वहीं रघु का कहना रहा कि सम्पूर्ण चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा प्रत्याशी रामस्वरूप लाम्बा के लिए मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने सत्ता का जमकर दुरुपयोग किया है। विधानसभावार मंत्रियों को प्रभारी बना कर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को डराया धमकाया गया तो मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए सरकारी साधनों का इस्तेमाल किया गया। जाति विशेष के पुलिस अफसरों ने कांग्रेस के खिलाफ खुला काम किया है। ऐसे सभी कृत्यों की जानकारी दिल्ली में चुनाव आयोग को भी दे दी गई है, लेकिन इतना सब कुछ करने के बाद भी भाजपा की जीत नहीं होगी। पिछले चार वर्षों में राज्य की भाजपा की सरकार ने जो जन विरोधी कार्य किए हैं उससे आम मतदाताओं में नाराजगी है। 

अजमेर के लोगों ने देखा है कि भाजपा के विधायकों ने किस प्रकार भ्रष्टाचार  को बढ़ावा दिया है। आज किसी भी दफ्तर में रिश्वत के बिन कोई काम नहीं होता। अजमेर शहर के दोनों मंत्रियों ने पूरे चार वर्ष लड़ाई-झगड़े में ही गुजार दिया। स्मार्ट सिटी के नाम पर केन्द्र सरकार का करोड़ों रुपया आ रहा है, लेकिन राशि का सदुपयोग नहीं हो रहा है। सांसद बनने पर अजमेर के स्मार्ट सिटी के मामले में पुरजोर तरीके से लोकसभा में उठाऊंगा। सभी कामों की समीक्षा भी कराई जाएगी। मैं भाजपा प्रत्याशी लाम्बा के बारे में कुछ नहीं कहना चाहता, क्योंकि लाम्बा के पिता पूर्व सांसद स्वर्गीय सांवरलाल जाट मेरे मित्र थे, लेकिन यदि स्व.जाट के साढ़े तीन वर्षों के कार्यकाल और कांग्रेस के सांसद रहे सचिन पायलट के पांच वर्षों के कार्यकाल की तुलना की जाए तो हकीकत सामने आ सकती है।

 रघु ने कहा कि इस मौके पर मैं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सचिन पायलट का भी आभार प्रकट करना चाहता हूं। इस चुनाव में मुझ से भी ज्यादा मेहनत पायलट ने की है। पायलट की मेहनत बेकार नहीं जाएगी। रघु ने कहा कि एक फरवरी को जब नतीजे आएंगे, तब राज्य सरकार और अजमेर के भाजपा विधायकों का घमंड भी चूर हो जाएगा।

विधायक गौतम की भाषा मर्यादित नहीं:

रघु ने कहा कि इन दिनों सोशल मीडिया पर केकड़ी के भाजपा विधायक शत्रुघ्न गौतम का एक आॅडियो वायरल हो रहा है। इस आॅडियो में गौतम मुझे भद्दी गालियां दे रहे हैं। गौतम का गालियां बकना आम बात है इसलिए अब केकड़ी के मतदाताओं को गौतम को चुनने पर अफसोस हो रहा है। इस आॅडियो को सुनकर हर कोई व्यक्ति भाजपा विधायक की मानसिकता का अंदाजा लगा सकता है। रघु ने कहा कि गौतम को भाषा पर संयम बरतना चाहिए। राजनीति में हार जीत तो होती रहती है।

घर-घर तक दस्तक:

अजमेर देहात कांग्रेस के अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह राठौड़ का कहना रहा कि चुनाव में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने घर-घर तक दस्तक दी है। भाजपा में पन्न प्रमुख के दावे तो अपनी जगह हैं, लेकिन कांग्रेस का कार्यकर्ता सम्पूर्ण संसदीय क्षेत्र के प्रत्येक घर तक पहुंच गया है। संगठन की दृष्टि से कांग्रेस की स्थिति बाहर मजबूत है। प्रदेश अध्यक्ष पायलट की लगातार मौजूदगी तो कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। कार्यकर्ताओं का यह उत्साह ही जीत की मंजिल तक ले जाएगा। भाजपा कितना भी दुरुपयोग कर ले, लेकिन मतदाताओं ने भाजपा को हराने का मन बना लिया है। अनेक समाजों के लोग अपने स्तर पर रणनीति बना कर कांग्रेस को जितवाने का काम कर रहे हैं।

एस.पी.मित्तल) (27-01-18)ःः



यह ब्लॉग खोजें