महावीर इंटरनेशनल का बीकानेर संभागीय अधिवेशन एवं कार्यशाला. बड़ी रिपोर्ट.
* करणी प्रेस इंडिया *
बीकानेर/ सूरतगढ़ 19 जुलाई 3026.
महावीर इंटरनेशनल का बीकानेर संभागीय दो दिवसीय अधिवेशन एवं कार्यशाला 18 एवं 19 जुलाई को ओसवाल पंचायत भवन भीनासर ( बीकानेर) में आयोजित किया गया।
अधिवेशन में महावीर इंटरनेशनल के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष वीर अनिल जैन, अंतरराष्ट्रीय कोषाध्यक्ष वीर सुधीर जैन, संभागीय अध्यक्ष वीर टोडरमल चोपड़ा, इंटरनेशनल डायरेक्टर वीर रविंद्र जैन व अनिल बांठिया, रीजन-5 उपाध्यक्ष वीर राजेंद्र राठौड़, रीजनल सचिव वीर संतोष बांठिया एवं संभागीय सचिव वीर राजेश वर्मा सहित विभिन्न केंद्रों के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
अधिवेशन के प्रथम दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं प्रार्थना के साथ हुआ। संभागीय अध्यक्ष वीर टोडरमल चोपड़ा ने स्वागत भाषण प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया। इसके पश्चात दिवंगत वीरों एवं समाजसेवियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखा गया।
इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष वीर अनिल जैन ने सेवा कार्यों को अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाने पर जोर देते हुए कहा कि जिस प्रकार व्यवसाय में पूरी लगन, समर्पण एवं लक्ष्य भावना के साथ सफलता प्राप्त की जाती है, उसी प्रकार सेवा कार्यों में भी पूर्ण समर्पण, योजना एवं निरंतरता आवश्यक है। उन्होंने सेवा कार्यों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने एवं उनका विस्तार करने का आह्वान किया।
अंतरराष्ट्रीय कोषाध्यक्ष वीर सुधीर जैन ने संगठन को और अधिक मजबूत एवं व्यापक बनाने पर जोर देते हुए वित्तीय व्यवस्था एवं फाइनेंस सिस्टम के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने संगठन की गतिविधियों के सुचारु संचालन के लिए पारदर्शी एवं व्यवस्थित वित्तीय प्रबंधन को आवश्यक बताया।
कार्यक्रम के मंचासीन अतिथियों द्धारा महावीर प्रवाह पत्रिका व सुकुन की छाँव के छाते का विमोचन किया गया। इसके पश्चात आयोजित ओपन सेशन में उपस्थित सदस्यों ने संगठन एवं सेवा कार्यों से संबंधित अपनी जिज्ञासाएं एवं प्रश्न रखे, जिनका पदाधिकारियों द्वारा उचित समाधान किया गया।
प्रथम दिवस रात्रि में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कॉमेडियन मुकेश सोनी एवं उनकी टीम ने अपनी प्रस्तुतियों से भरपूर मनोरंजन किया। महावीर इंटरनेशनल के सदस्यों ने भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को यादगार बनाया।
अधिवेशन के दूसरे दिन प्रातः 7:00 बजे जन-जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें संस्था के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के माध्यम से समाज सेवा, जन-जागरूकता एवं सामाजिक सरोकारों का संदेश दिया गया। इसके पश्चात प्रातः 10:00 बजे कार्यशाला का शुभारंभ हुआ।
कार्यशाला में हरगोविन्द जिला उद्योग केंद्र, लीलाधर पंवार उपनिदेशक सामाजिक उत्थान एवं संरक्षण योजना , अनुराधा सक्सेना उपनिदेशक महिला अधिकारिता ने अपने अपने क्षेत्र की सरकारी योजनाओं की जानकारी दी व महावीर इंटरनेशनल के साथ मिलकर इन योजनाओं धरातल पर सुचारू रूप से लागू करने पर जोर दिया । इंटरनेशनल डायरेक्टर वीर रविंद्र जैन ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अधिक से अधिक वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संवर्धन का संदेश दिया। वहीं प्रकाश पालीवाल एपेक्स कार्यकाल जयपुर ने महावीर इंटरनेशनल की वेबसाइट एवं उसकी विभिन्न ऑनलाइन सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी।
अधिवेशन के समापन अवसर पर विभिन्न केंद्रों के कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को उनके उत्कृष्ट सेवा कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सूरतगढ़ केंद्र को सर्वश्रेष्ठ रक्तदान, व्यर्थ में अर्थ, मातृत्व परियोजना, चिकित्सा व स्वास्थ्य व जीवदया प्रकोष्ठ तथा वीर रामपाल रोकना को सर्वश्रेष्ठ सचिव का सम्मान एव सर्वश्रेष्ठ केंद्र सहित कुल 7 पुरस्कार प्रदान किए गए।
अधिवेशन में सूरतगढ़ केंद्र की ओर से अंतरराष्ट्रीय सह निदेशक वीर संजय बैद, संभागीय सचिव वीर राजेश वर्मा, उपाध्यक्ष वीर रमेश कुमार दाधीच, सचिव एवं गवर्निंग काउंसिल सदस्य वीर रामपाल रोकना, पूर्व अध्यक्ष वीर दिलीप कुमार मिश्रा, वीर बाबू खान, वीर रतन लाल चोपड़ा, वीर विजय कुमार सावनसुखा, वीर नीरज डांग, वीर कालूराम बिश्नोई, वीर धनराज नवलखा, वीर तुषार कामरा, वीरा केंद्र की ओर से वीरा नीतू बैद, अध्यक्ष विजयश्री बैद, कोषाध्यक्ष सारिका रांका, ज्योति डागा व इंदु सोनी आदि सदस्यों ने भाग लिया।
अंत में राष्ट्रगान के साथ दो दिवसीय संभागीय अधिवेशन एवं कार्यशाला का समापन हुआ।०0०