शुक्रवार, 30 जून 2017

अशोक जैन राजस्थान के नए मुख्य सचिव बनाए गए



जयपुर 30जून।

 मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी अशोक जैन पर भरोसा करते हुए उन्हें राज्य का नया मुख्य सचिव बनाया है। इस संबंध में कार्मिक विभाग ने आज आदेश जारी कर दिए। ओमप्रकाश मीणा मुख्य सचिव पद से शुक्रवार को सेवानिवृत हो गए। जैन ने उन्हीं से कार्यभार संभाला।


सामाजिक न्याय और अधिकारिता एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव तथा वर्ष 1981 बैच के आईएएस जैन अपनी कार्यप्रणाली की मजबूती से सरकार की पहली पसंद बने हैं। ओमप्रकाश मीणा 1979 बैच के हैं और जैन 1981 बैच के है। जैन को सीएस बनाने के लिए वर्ष 1980 बैच के अफसर अशोक शेखर को नजरअंदाज करना पड़ा, लेकिन अगले साल राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव के कारण मुख्य सचिव पद पर नियुक्ति भी काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही थी। वरिष्ठता सूची के अनुसार जैन तीसरे नंबर पर हैं और अगले साल जनवरी में सेवानिवृत होंगे।

जीवन परिचय

राज्य के नए मुख्य सचिव अशोक जैन मूलत: जोधपुर के रहने वाले हैं। वर्ष 1981 में भारतीय प्रशासनिक सेवा के बेडे में शामिल हुए और उन्हें राजस्थान कैडर मिला। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद मरू प्रदेश में उनकी पहली पोस्टिंग एक अक्टूबर 1983 को उपखण्ड अधिकारी बीकानेर उत्तर के पद पर हुई। जैन जैसलमेर जिले के कलेक्टर भी रहे हैं। वे जयपुर विकास प्राधिकारण के आयुक्त भी रहे। कुछ समय के लिए जैन राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी भी रहे। वर्ष 2013 में राजस्थान विधानसभा के चुनाव उन्हीं की देखरेख में हुए थे


यह ब्लॉग खोजें