रविवार, 1 फ़रवरी 2026

केंद्रीय बजट 2026 दिशाहीन-श्रीगंगानगर जिले की अनदेखी-डुंगरराम गेदर विधायक.



सूरतगढ़ /श्रीगंगानगर.1 फ़रवरी 2026

सूरतगढ़ विधायक श्री डूंगरराम राम गेदर ने आज प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026 को पूरी तरह निराशाजनक बताते हुए कहा कि यह बजट आमजन, किसानों, युवाओं और मध्यम वर्ग की उम्मीदों पर खरा नहीं उतरता। उन्होंने कहा कि बजट में न तो देश की वास्तविक आर्थिक परिस्थितियों की समझ दिखाई देती है और न ही वर्तमान चुनौतियों से निपटने के लिए कोई ठोस एवं दूरदर्शी योजना प्रस्तुत की गई है।

श्री गेदर ने कहा कि बढ़ती महंगाई, रुपये की गिरती स्थिति और AI व ऑटोमेशन के कारण उत्पन्न हो रही बेरोज़गारी जैसे गंभीर मुद्दों पर बजट पूरी तरह मौन है। युवाओं के लिए रोजगार, किसानों की आय और मध्यम वर्ग को राहत देने के लिए कोई प्रभावी प्रावधान नहीं किए गए, जिससे देशभर में निराशा का माहौल है। बजट के बाद शेयर बाज़ार में आई गिरावट भी निवेशकों के घटते भरोसे को दर्शाती है।

🔴 राजस्थान और श्रीगंगानगर के साथ अन्याय

उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्रीय बजट 2026 में राजस्थान के साथ एक बार फिर सौतेला व्यवहार किया गया है। बजट भाषण में राजस्थान का उल्लेख तक न होना प्रदेश की जनता के साथ हो रहे अन्याय को उजागर करता है।

श्री डूंगरराम राम गेदर ने विशेष रूप से कहा कि श्रीगंगानगर ज़िले के लिए बजट में कोई भी ठोस घोषणा या विशेष पैकेज नहीं दिया गया, जबकि यह जिला कृषि, सीमावर्ती सुरक्षा और सिंचाई के दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण है। गंगानगर के किसानों, युवाओं और आम नागरिकों की जरूरतों को पूरी तरह नज़रअंदाज़ किया गया है।

उन्होंने कहा कि राजस्थान जैसे बड़े, रणनीतिक और सीमावर्ती राज्य की कई महत्वपूर्ण जनहितकारी मांगों की अनदेखी की गई, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है—

❌ ERCP (पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना) को राष्ट्रीय परियोजना का दर्जा नहीं

❌ रेगिस्तानी क्षेत्रों के लिए जल जीवन मिशन में कोई विशेष ग्रांट नहीं

❌ राजस्थान के लिए प्रस्तावित 9 एक्सप्रेस-वे पर कोई घोषणा नहीं

श्री गेदर ने कहा कि यह बजट राजस्थान और श्रीगंगानगर की जनता की उम्मीदों के साथ बड़ा धोखा है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि वह राज्यों के साथ भेदभाव की नीति छोड़कर समान, संतुलित और समावेशी विकास का दृष्टिकोण अपनाए, ताकि देश के हर क्षेत्र और हर वर्ग को उसका हक़ मिल सके।०0०






यह ब्लॉग खोजें