शनिवार, 27 अप्रैल 2013

भाजपा में कुर्सी का महत्व नही:राजस्थान में भाजपा की सरकार होगी-मीनाक्षीलेखी





खास खबर: करणीदानसिंह राजपूत   
सूरतगढ़, 27 अप्रैल 2013.भाजपा की राष्ट्रीय प्रवक्ता महिला मोर्चे की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्रीमती मीनाक्षी लेखी ने यहां महिला मोर्चे के समारोह में बड़े जोश से कहा कि राजस्थान में अगली सरकार सुशासन देने वाली भाजपा की होगी जिसके लिए वसुंधरा राजे की सुराज संकल्प यात्रा शुरू हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि महिला मोर्चे के कार्यक्रम केवल महिलाओं के नहीं होते वे पूरे समाज के होते हैं। जहां महिला की भागीदारी होती है वहां पूरा परिवार शामिल होता है। उन्होंने पुरूषों से कहा कि वे महिलाओं के कार्यक्रमों में अपनी भागीदारी जरूर निभाएं। उन्होंने कहा कि इससे समन्वय रहता है तथा महिलाएं मां बहन के संबंधों रूप में स्थापित रहती है,समाज का विकास होता है।
उन्होंने कहा कि समाज में जहां रिश्ते खत्म होते हैं तथा महिलाओं को वस्तु के रूप में माना जाता है वहां बलात्कार दुराचार जैसा विकृत रूप सामने आता है। जहां पर पुरूष महिलाओं के कार्यक्रमों में भाग लेते हैं वहां जागरूकता होती है,रिश्ते होते हैं,वहां पर बलात्कार दुराचार जैसी घटनाएं नहीं होती।
उन्होंने कहा कि जहां समाज में माता के सर्वाेच्च स्थान को भूल गए वहां पर समाज गिरता चला गया। हमारे यहां रानी झांसी का नाम लिया जाता है। हमारे यहां तो ऐसी एक नहीं हजारों बहादुर नारियां थी। ऐसी नारियां थी जो ऋषि मुनियों के बीच में विचार विमर्श करती थी और उनके विचार स्वीकार किए जाते थे।
आज समाज का कितना पतन हो गया है। आज कन्या भ्रूण हत्या हो रही है। 5 वर्षीय बच्ची के साथ बलात्कार दुराचार हो रहा है। यह सब बदलना होगा। नारी को मां बहन बेटी के रूप में ही मानना होगा तब विकृतियां दूर हो सकेंगी।
उन्होंने लोगों से साफ साफ कहा कि वे दहेज के बारे में विचार बदलें। साफ कहें कि दहेज न दूंगा और न दहेज लूंगा। जब दहेज का लेन देन बंद हो जाएगा तब मां बेटी बहन सभी सुरक्षित रह पाऐंगी।

उन्होंने नारी को शक्तिशाली बताते हुए बड़े जोश से कहा कि राजस्थान में अगली सरकार महिला की होगी,भाजपा की होगी जिसके लिए वसुंधरा राजे की यात्रा शुरू हो चुकी है। भाजपा ही सुशासन देगी। पहले भी सुशासन ही दिया था। इसके साथ ही कहा कि महिलाओं की संख्या देख कर पूरा विश्वास है कि सूरतगढ़ में भी भाजपा की जीत होगी। इसके साथ एक प्रकार से  टिकट का खुलासा सा करते हुए कहा कि भाजपा में काबिल बहुत हैं और टिकट एक को मिलती है। इसलिए दूसरों को साथ रह कर काम करना होता है। उन्होंने और खुलासा करते हुए कहा कि भाजपा में कुर्सी का कोई महत्व नहीं है। महत्व है देश सेवा का जनता की सेवा का। उन्होंने चेताया कि कुर्सी के चक्कर में सुशासन न रह जाए।
    मीनाक्षी लेखी पूरे समारोह में खुशी से गदगद रही और मुस्कुराती हुई गले मिलती हुई महिलाओं को सम्मानित करती रही तथा फोटो खिंचवाती रही। महिलाओं की काफी अच्छी संख्या देख कर उन्होंने महिला मोर्चे की नगर मंडल अध्यक्ष नीलम सांगवान, जिलाध्यक्ष रजनी मोदी और महिला मोर्चे की प्रदेश कार्यकारिणी में विशेष आमंत्रित सदस्य श्रीमती राजेश सिडाना की बार बार प्रशंसा की।
इस समारोह में नीलम सांगवान,रजनी मोदी,राजेश सिडाना और भाजना जिलाध्यक्ष महेन्द्रसिंह सोढ़ी ने भी विचार रखे।
समारोह में पूर्व राज्यमंत्री रामप्रताप कासनिया,पूर्व राज्यमंत्री कुदनलाल मिगलानी,विधायक अशोक नागपाल,किसान मोर्चे के जिलाध्यक्ष राजेन्द भादू, जिला महामंत्री आत्माराम तरड़,हंसराज पूनिया,तहिला मोर्चे की जिला महामंत्री शिमला बावरी,भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष गुरदर्शनसिंह सोढ़ी,देहात मंडल अध्यक्ष नरेन्द्र घिंटाला,जिला परिषद डायरेक्टर विजेन्द्र पूनिया आदि ने भाग लिया। समारोह का मंच संयोजन श्रीमती हरविन्द्र कलेर एवं पूर्व पार्षद अहिंसा गोदारा ने किया।
यह समारोह सनसिटी रिसोर्ट में हुआ। इसके बाद श्रीमती राजेश सिडाना के आवास पर जलपान के साथ पत्रकार वार्ता हुई जिसमें भी नारी दुराचार रोकने की अपील की गई।

-     फोटो  सुभाष राजपूत



यह ब्लॉग खोजें