बुधवार, 20 जुलाई 2016

भाजपा को सत्ता मद:कांग्रेस उतरे नशे में:माकपा जगाएगी गंगानगर जिला: राजस्थान में भ्रष्टाचार और अव्यवस्था की बढ़त पर सरकार गंभीर नहीं-हेतराम बेनीवाल:



श्रीगंगानगर जिले की हर तहसील में सितम्बर से घूमेगा माकपा रथ:

 
- करणीदानसिंह राजपूत -
सूरतगढ़ 20 जुलाई 2016.
श्रीगंगानगर जिले में नहरी पानी की कमी से किसानों की पीड़ा और भारी नुकसान को देखते हुए संघर्ष कर रही माकपा के वरिष्ठ नेता हेतराम बेनीवाल ने आज पत्रकार वार्ता में भाजपा सरकार को चेतावनी दी लेकिन उनकी चेतावनी सत्ता विहीन बेदम कांग्रेस के लिए भी थी।
बेनीवाल ने आरोप लगाया कि नहरी पानी की कमी है और उससे फसलें उत्पादन में भारी कमी आई है तथा किसान को और खेत मजदूर को रोटी के लाले पड़े हुए हैं। राजस्थान सरकार के गंगानगर के मंत्री व विधायक पंजाब से पूरा पानी लेने में असमर्थ हैं। अधिकारियों की मिली भगती से मोघे भी पावरफुलों ने बड़े करवा रखे हैं तथा आम किसान पीड़ाएं भोग रहा है। किसानों पर कर्जा चढ़ता जा रहा है तथा उजड़ी फसलों का बीमा नहीं मिलता। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रीमियम तो काट लिया जाता हे मगर नियम ऐसे बना दिए गए हैं कि किसानों को बीमे में मुआवजा नहीं मिल पाता।
बेनीवाल ने आरोप लगाया कि हाल ही में गंगानगर जिला कलक्टर कार्यालय के आगे किसानों का महापड़ाव चल रहा था। माकपा का संचालन था। भाजपा के मंत्रियों व विधायकों ने पूरा जोर लगा कर किसानों को रोकने की कोशिश की मगर फिर भी किसान रूके नहीं तथा 20 हजार किसान पहुंच गए।
बेनीवाल ने कहा कि पूरे राज्य में भाजपा राज में भ्रष्टाचार और अव्यवस्था बढ़ी है,लेकिन सरकार को परवाह नहीं है। उन्होंने कांग्रेस पर भी आरोप लगाया कि सत्ताविहीन बेदम कांग्रेस छटपटा रही है और वह किसानों के लिए लडऩे को तैयार नहीं है।
बेनीवाल ने कहा कि सरकार की समस्त अव्यवस्थाओं तथा भ्रष्टाचार के विरूद्ध गंगानगर की सभी 9 तहसीलों के ग्राम ग्राम में जनता को जगाने का अभियान सितम्बर में चलाया जाएगा। बेनीवाल ने कहा कि गांवों में माकपा का रथ पहुंचेगा तथा ग्रामों में नुक्कड़ सभाएं कर किसानों को जगाया जाएगा।
हेतराम बेनीवाल ने कहा कि इलाके का किसान ही नहीं व्यापारी वर्ग भी हमें साथ देने को आतुर है। श्रीगंगानगर जिला मुख्यालय के महापड़ाव में यह साबित हो गया।
माकपा के जोशीले नेता श्योपत मेघवाल ने कहा कि हक की लड़ाई के लिए ग्राम ग्राम में शंखनाद कर लोगों को खड़ा किया जाएगा ताकि हक की लड़ाई जीत सकें।

यह ब्लॉग खोजें