बुधवार, 2 अगस्त 2017

भाजपा विधायक राजेंद्र भादू की कोठी से अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया जाए-मील



- करणीदानसिंह राजपूत -

 सूरतगढ़ 2 अगस्त 2017.

 राजनीतिक संगठनों विभिन्न संगठनों की आमसभा में भाजपा विधायक राजेंद्र सिंह भादू की सड़क पर बनी कोठी से अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू करने की ललकार दी गई। महाराणा प्रताप चौक पर जनसभा में नगर पालिका प्रशासन को चेतावनी दी गई कि अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत दुकानदारों व आम नागरिकों पर जुल्म बर्दाश्त नहीं होगा। सूरतगढ़ के भाजपा विधायक राजेंद्र सिंह भादू व भाजपा की नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती काजल छाबड़ा पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए। अधिशासी अधिकारी की कथित ईमानदारी को भी चुनौती दी गई कि उसके राज में निर्माण कार्यों में भयानक घोटाले हो रहे हैं। जनसभा में पूर्व विधायक कांग्रेसी नेता गंगाजल मील, पूर्व पालिकाध्यक्ष बनवारीलाल मेघवाल, पूर्व जिला प्रमुख पृथ्वीराज मील, प्रभु दान गेदर, पूर्व उप प्रधान कृष्ण गोदारा व स.गुरूदर्शनसिंह सोढी आदि ने भारतीय जनता पार्टी के राज में प्रदेश भर में फैले भ्रष्टाचार पर जमकर आरोप लगाए। 


कांग्रेस पार्टी के नेता गंगाजल मील, जिला उपाध्यक्ष बलराम वर्मा,पूर्व पालिकाध्यक्ष बनवारी लाल मेघवाल ने नगरपालिका को चेताया कि अतिक्रमण हटाओ अभियान विधायक राजेंद्र भादू की कोठी से किया जाए जो सड़क के बीच में बनी हुई है। उन्होंने कहा कि जनता के साथ अत्याचार बर्दास्त नहीं किया जा सकता। कांग्रेस के विधायक पूर्व विधायक गंगाजल मील ने कहा कि राजस्थान उच्च न्यायालय के निर्देश का हम सभी सम्मान करते हैं लेकिन उस निर्देश की पालना में नगर पालिका गरीबों व छोटे दुकानदारों पर कड़ाई कर उनके निर्माणों को अतिक्रमण बताते हुए तोड़े और प्रभावशाली लोगों व सत्ताधारी लोगों के कोठियों कटलों पर कार्यवाही नहीं करे तो यह भेदभाव बर्दाश्त नहीं होगा। वक्ताओं ने कहा कि जनता में और दुकानदारों में पालिका प्रशासन ने डर पैदा किया है। पालिका प्रशासन सही रुप से यह नहीं बता रहा कि किस सीमा से अतिक्रमण हटाए जाएंगे कहीं तीन तो कहीं 3.50 फुट चौकी रखने की चर्चाएं है। नगरपालिका को स्पष्ट आदेश देना चाहिए और स्वायत्त शासन निदेशालय के आदेश को सार्वजनिक करके आमजन को बताया जाना चाहिए।बनवारी लाल मेघवाल ने आरोप लगाया कि सीवरेज के नाम पर भयानक भ्रष्टाचार विधायक की देखरेख में हो रहा है। बनवारी लाल ने कहा कि मानसून के वक्त खुदाई आदि के कार्य पर रोक होती है​ लेकिन यहां मानसून के चलते बीच में सीवरेज की खुदाई चल रही है। यहां भारी वर्षा हो जाती है तब मकानों के नींवों को नुकसान होगा और वह नुकसान बहुत बड़ा होगा।

माकपा नेता सखी मोहम्मद ने कहा कि कहीं भी जुल्म बर्दास्त नहीं हो सकता।हम अत्याचार के खिलाफ लड़ने को हर वक्त तैयार हैं। आम आदमी पार्टी के सतपाल सिहाग ने भी भ्रष्टाचार के विरुद्ध पालिका प्रशासन को ललकारा।

व्यापार मंडल के अध्यक्ष जेठ नाथ तंवर, पार्षद लक्ष्मण शर्मा,पार्षद विनोद पाटनी, कांग्रेस के नेता सहदेव जोशी, धन्नाराम स्वामी, आकाशदीप बंसल ने भी नगर पालिका की अतिक्रमण हटाओ कार्यवाही में भेदभाव बरते जाने का आरोप लगाया। नेताओं ने कहा कि यह भेदभाव बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। प्रभावशाली लोगों के अतिक्रमण सबसे पहले हटाए जाने चाहिए।

 वक्ताओं ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी के राज्य में चारों और लूट मची हुई है आम जनता बुरी तरह से परेशान है। भाजपा शासन प्रशासन जनता की पीड़ाओं को अनदेखी कर रहा है।

 







यह ब्लॉग खोजें