शनिवार, 6 अक्तूबर 2018

भाजपा का गमन:कांग्रेस का आगमन:राजस्थान,मध्यप्रदेश,छत्तीसगढ़ का सर्वे

* जनता के मन की बात बताने वाला यह सर्वे एक से 30 सितंबर के बीच किया गया।*

जनसत्ता ऑनलाइन

October 6, 2018.

* 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव कार्यक्रम जारी होने के बाद एबीपी न्यूज-सी वोटर का ओपीनियन पोल सामने आया है।*

 आगामी विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को करारा झटका लग सकता है। 

एबीपी न्यूज-सी वोटर के ताजा ओपीनियन पोल के मुताबिक, तीन राज्यों से बीजेपी की सरकार जा सकती है। इन राज्यों में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान शामिल हैं। सर्वे के अनुसार, कांग्रेस इन राज्यों में अपने दम पर वापसी कर सकती है। 

200 सदस्यीय राजस्थान विधानसभा में कांग्रेस को 142 सीटें मिल सकती है, जबकि सत्तारूढ़ बीजेपी के खाते में महज 56 सीटें आ सकती हैं। अन्य की झोली में दो सीटें जा सकती हैं।

सर्वे में आगे बताया गया कि 90 सदस्यों वाली छत्तीसगढ़ विधानसभा में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत यानी कि कुल 47 सीटें मिल सकती हैं, जबकि बीजेपी को 40 और अन्य को तीन सीटें मिलने का अनुमान है। राज्य में बीते 15 सालों से बीजेपी की रमन सिंह सरकार है। सर्वे में उनके खिलाफ एंटी-इनकंबेंसी फैक्टर हावी नजर आया। 

230 सीटों वाले मध्य प्रदेश विस में कांग्रेस को 122 सीटें और बीजेपी को 108 सीटें मिलने के आसार हैं। सर्वे के अनुसार, यहां अन्य के खाते में एक भी सीट नहीं आएगी। मध्य प्रदेश में कांग्रेस पिछले 15 सालों से सत्ता से दूर है।

जनता के मन की बात बताने वाला यह सर्वे एक से 30 सितंबर के बीच किया गया। इसमें राजस्थान में लोस की 25 और विस की 200 सीटों पर 7797 लोगों का मूड जाना गया, जबकि छत्तीसगढ़ के लोस की 11 और विस की 90 सीटों पर लगभग 9906 लोगों की राय जानी गई। वहीं, एमपी में लोस की 29 और विस की 230 सीटों पर 8493 लोगों ने अपनी प्रतिक्रियाएं दीं।

यह ब्लॉग खोजें