रविवार, 24 मई 2026

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की बैठक में बीजेपी सरकार पर बरसे विधायक गेदर,



 * करणी प्रेस इंडिया *

सूरतगढ 23 मई 2026.

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की एक महत्वपूर्ण और संगठनात्मक अबैठक विधायक जनसेवा केंद्र में आयोजित

की गई, जिसमें राजनीतिक प्रस्तावों, जनविरोधी नीतियों और युवाओं व किसानों से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर व्यापक रूप से चर्चा हुई। बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए नेताओं ने केंद्र की भाजपा नीत मोदी सरकार और राज्य सरकार की विफलताओं के खिलाफ जमकर हुंकार भरी।

​बैठक को मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए विधायक डूंगरराम गेदर ने भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखे राजनीतिक बाण चलाए। विधायक गेदर ने देश की वर्तमान आर्थिक और सामाजिक स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए आरोप लगाया कि बीजेपी ने अपनी गलत नीतियों से पूरे देश को डुबोने का काम किया है। उन्होंने अपने वक्तव्य में कहा कि आज देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केवल दो-चार चुनिंदा उद्योगपतियों के लिए काम कर रहे हैं। अडानी और अंबानी जैसे पूंजीपतियों को पनपाने के लिए पूरे देश के संसाधनों को दांव पर लगा दिया गया है। चंद पूंजीपतियों की तिजोरियां भरने के चक्कर में देश की अर्थव्यवस्था गर्त में जा चुकी है और इसका सीधा असर देश के करोड़ों युवाओं पर पड़ा है, जिन्हें आज रोजगार के लिए दर-दर की ठोकरें खानी पड़ रही हैं। विधायक गेदर ने केंद्र सरकार द्वारा लोकतांत्रिक संस्थाओं के कथित दुरुपयोग पर बोलते हुए आगे कहा कि देश की जिन संवैधानिक संस्थाओं पर लोकतंत्र को अक्षुण्ण रखने की जिम्मेदारी थी, आज उन्हें पूरी तरह से खत्म कर दिया गया है। प्रवर्तन निदेशालय,केंद्रीय जांच ब्यूरो और यहाँ तक कि चुनाव आयोग को भी केवल सरकार की कठपुतली बनाकर रख दिया गया है। निष्पक्षता पूरी तरह समाप्त हो चुकी है और विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए इन जांच एजेंसियों का खुला दुरुपयोग किया जा रहा है।

​ बैठक की अध्यक्षता कर रहे ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष परसराम भाटिया ने हाल ही में हुए नीट परीक्षा विवाद और पेपर लीक के मुद्दे पर केंद्र सरकार को पूरी तरह से विफल बताते हुए  कहा कि नीट परीक्षा में जिस तरह की धांधली और पेपर लीक के मामले सामने आए हैं, उसने देश के लाखों होनहार छात्रों के भविष्य पर पानी फेर दिया है। दिन-रात मेहनत करने वाले छात्रों के सपनों को चंद भ्रष्टाचारियों और शिक्षा माफियाओं के हाथों बेच दिया गया है। उन्होंने मांग की कि इस नीट पेपर को तुरंत रद्द किया जाए और इस पूरे घोटाले के मुख्य आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही, भाटिया ने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के तत्काल इस्तीफे की मांग भी पुरजोर तरीके से उठाई। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की इन जनविरोधी नीतियों को आम जनता के बीच लेकर जाएं और गांव-गांव, ढाणी-ढाणी जाकर लोगों को जागरूक करें।

​ ओबीसी कांग्रेस के बीकानेर संभाग अध्यक्ष अमित कड़वासरा ने बैठक को संबोधित करते हुए ग्रामीण अंचल के सबसे बड़े मुद्दे यानी किसानों और व्यापारियों की दुर्दशा पर बोलते हुए कहा कि आज अन्नदाता सड़कों पर आने को मजबूर है। देश-प्रदेश में किसानों की फसलें न्यूनतम समर्थन मूल्य पर नहीं बिक रही हैं और मंडियों में किसानों की उपज को कौड़ियों के दाम खरीदने की साजिश रची जा रही है। हालात इतने बदतर हो चुके हैं कि किसानों के हक के लिए आज व्यापारियों को भी धरने पर बैठना पड़ रहा है, क्योंकि व्यापार और कृषि एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं और सरकार की गलत नीतियों ने दोनों की कमर तोड़ दी है। इसके साथ ही उन्होंने सिंचाई और पेयजल के संकट पर रोष जताते हुए कहा कि नहरों में पानी की भारी कमी है, जिससे फसलें सूख रही हैं। जो पानी नहरों में आ भी रहा है, वह अत्यधिक दूषित और केमिकल युक्त है, जो न तो सिंचाई के योग्य है और न ही इंसानों या पशुओं के पीने लायक है। बुवाई के समय किसानों को यूरिया और डीएपी  खाद के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है और ब्लैक में खाद खरीदने को मजबूर होना पड़ रहा है।

​युवा कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता योगेश मेघवाल ने अपने संबोधन में प्रदेश की आंतरिक राजनीति और स्थानीय निकायों के प्रशासनिक मुद्दों पर राज्य सरकार की मंशा पर गंभीर सवाल उठाए। योगेश मेघवाल ने राज्य सरकार पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं का सामना करने से डर रही है। उच्च न्यायालय के स्पष्ट आदेशों और दिशा-निर्देशों के बावजूद प्रदेश में स्थानीय निकाय चुनाव नहीं करवाए जा रहे हैं। न्यायालय के आदेशों की सरेआम अवहेलना की जा रही है और बार-बार किसी न किसी बहाने से स्थानीय निकाय चुनावों को आगे टाला जा रहा है। इसका एकमात्र कारण यह है कि बीजेपी को अपनी करारी हार का डर सता रहा है। उन्हें अच्छी तरह पता है कि जनता उनके झूठे वादों को समझ चुकी है और चुनावों में उन्हें सबक सिखाने के लिए पूरी तरह तैयार बैठी है।

​इस बैठक में ब्लॉक क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं, अग्रिम संगठनों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। ०0०









यह ब्लॉग खोजें